संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर के पिपरा मोहन वार्ड में किराए के मकान में रविवार की दोपहर करीब 12:30 बजे 45 वर्षीय सुनीता देवी का संदिग्ध हालात में झुलसा हुआ शव मिला। घर के अंदर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने सुनीता के बेटे धनंजय को जानकारी दी।
जब वह घर पहुंचा तो मां को आग की लपटों में घिर देखकर चिल्लाते हुए घर से बाहर निकला। शोर-शराबा सुन आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
किसी ने इस बात की जानकारी कोतवाली पुलिस को दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला आग के लपटों से घिरी थी। रविवार की देर रात को सुनीता के बेटे धनंजय ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अपनी पत्नी पर मां की हत्या करने का संदेह जताया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है7
पुलिसकर्मियों ने आननफानन आग को बुझाया, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। सूचना पर सीओ दीपक शुक्ला, नायब तहसीलदार गोपालजी, कोतवाल संतोष कुमार सिंह, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल की जांच की। पुलिस ने महिला की बहू रेशमा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। महिला के इकलौते बेटा धनंजय ने बताया कि दो माह पहले उसने प्रेम विवाह किया था। इस शादी से मां खुश नहीं थी। अक्सर सास-बहू के बीच विवाद हुआ करता था।
देर शाम एडिशनल एसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने भी घटना स्थल की जांच की। पुलिस के अनुसार, असम प्रांत की निवासी सुनीता देवी पत्नी स्व. देवानंद काफी दिनों से नगर पंचायत के वार्ड-चार पिपरा नाजिर में किराए के मकान में रहती थी।
पति की मौत के बाद वह बेटे धनंजय, बेटी सोनम के साथ रहने लगी। करीब दो माह पहले बेटे धनंजय ने पड़रौना की रहने वाली रेशमा से लव मैरिज शादी की ली थी।
रविवार की सुबह 7:70 बजे धनंजय पत्नी और मां को घर पर छोड़कर बहन सोनम के साथ काम पर निकल गया।
दोपहर करीब 12:20 बजे वार्ड के लोगों ने धनंजय को सूचना दी कि उसके घर के अंदर धुआं उठ रहा है, मगर कोई दिखाई नहीं दे रहा है। जब वह घर पहुंचा तो मां को आग की लपटों में देख चिल्लाने लगा।
मामला गंभीर देख सीओ दीपक शुक्ला और कोतवाल संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। नायब तहसीलदार गोपालजी की देखरेख में शव को कब्जे में अग्रिम कार्रवाई के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि महिला का शव किराए के मकान के एक कमरे मेंं संदिग्ध हालात में मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। बहू रेशमा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।