अज्ञात वाहन ने कार को मारी टक्कर, बैंककर्मी समेत तीन की मौत
सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर मनिहारी गांव के समीप हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। सड़क हादसे में एक बैंककर्मी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर सोमवार रात करीब 1:30 बजे हुआ है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, इस मामले में पुलिस को अभी किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।
बिहार प्रांत के रोहताश जिले के दरिहट थाना के मजियांव गांव निवासी जितेंद्र कुमार (35) नगर के भारतीय स्टेट बैंक में अकाउंटेंट के पद पर करीब डेढ़ वर्ष से कार्यरत थे। सोमवार को वह बैंक का कार्य निपटाने के बाद अपनी मारुति कार से बैंक के एटीएम गार्ड भटनी थाना क्षेत्र के पयासी गांव निवासी अजय कुमार (31) व सोनबरसा गांव निवासी एटीएम गार्ड राजेश प्रसाद के पुत्र धन्नू कुमार (22) के साथ किसी काम से देवरिया गए थे। काम निपटाने के बाद सलेमपुर लौट रहे थे। करीब 1:30 बजे रात को अभी वे लोग कोतवाली क्षेत्र के मनिहारी गांव के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वाहनों की तेज टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। आनन-फानन लोगों ने सभी को बाहर निकाला। तब तक बैंककर्मी समेत दो की मौत हो गई थी। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल धन्नू कुमार की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इस बाबत कोतवाल गिरिजेश तिवारी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट
हादसे में एक साथ तीन मौत से एसबीआई में पसरा सन्नाटा
सलेमपुर। भारतीय स्टेट बैंक में अकाउंटेंट पद पर तैनात जितेंद्र कुमार, एटीएम गार्ड अजय कुमार व एटीएम गार्ड राजेश कुमार के बेटे धन्नू कुमार की सड़क हादसे हुई मौत से बैंक में सन्नाटा पसरा है। बैंक के एटीएम का जहां शटर गिरा रहा। वहीं, बैंक कर्मी शोकाकुल दिखे।
जितेंद्र कुमार वर्ष 2010 में सहायक प्रबंधक के पद पर नियुक्त हुए। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सलेमपुर में अकाउंटेट के पद तैनात हुए थे। उनका परिवार पटना में रहता है। आठ वर्ष व सात वर्ष के दो बच्चे हैं। जून महीने में उन्होंने नई मारुति डिजायर कार खरीदी थी। इसी कार से आ रहे थे जिसके हादसे में परखचे उड़ गए। बैक के एटीएम के प्राइवेट गार्ड के रूप में तैनात अजय कुमार दो भाइयों में सबसे बड़े थे। गार्ड की नौकरी कर घर का खर्चा चलाते थे। नवंबर में बरहज के पास उनकी शादी तय थी। कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी राजेश कुमार स्टेट बैंक के एटीएम में गार्ड हैं। उनका बेटा धन्नू कुमार अजय कुमार के साथ रहता था। अजय के नहीं रहने पर एटीएम कक्ष का फाटक खोल कर देख-रेख करता था। एक साथ तीनों की मौत से बैंककर्मी स्तब्ध हैं। शाखा प्रबंधक राजीव कुमार सिंह हादसे की सूचना के बाद वे भावुक हो गए। एक अभिभावक के तौर पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहीं, बैंक में सन्नाटा पसरा रहा।