फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीएचडब्ल्यू समेत 106 की रिपोर्ट पॉजिटिव, सीएमओ कार्यालय सील

विज्ञापन
विज्ञापन
बीएचडब्ल्यू समेत 106 की रिपोर्ट पॉजिटिव, सीएमओ कार्यालय सील
विज्ञापन

अब तक 16 लोगों की हो चुकी है कोरोना से मौत, संख्या हुई 2116
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लापरवाही के कारण लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को 106 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में संक्रमितों की संख्या 2116 हो गई है। बिना लक्षण वाले संक्रमितों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। अभी तक कोराना से 16 लोगों की मौत हो चुकी है।
सीएमओ कार्यालय में तैनात बीएचडब्ल्यू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एनएचएम के लेखाकार के बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके पूर्व सीएमओ के लेखाकार, एनएचएम के लेखाकार समेत तीन बाबुओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। खुखुन्दू के दो युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। भाटपाररानी सेंट्रल बैंक के एक कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फतेहपुर और मालीबारी के दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ कार्यालय को सील कर दिया गया है। सीएमओ कार्यालय में मौजूद कर्मचारी दहशत में हैं। अब तक लार, रुद्रपुर, तरकुलवा और सलेमपुर सीएचसी कई बार सील हो चुका है। इसकी वजह से स्थानीय लोगों को इलाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि 106 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ कार्यालय का बीएचडब्ल्यू भी इसमें शामिल है। कार्यालय को सील करा दिया गया है।
विज्ञापन

इनसेट
कोरोना जांच कराने गए बुजुर्ग की मौत
देवरिया। सीतापुर आंख अस्पताल में कोरोना जांच कराने गए एक बुजुर्ग सैंपल देने के लिए छटपटाता रहा। उसका बेटा कर्मचारियों के सामने हाथ जोड़कर विनती करता रहा कि सैंपल ले लीजिए नहीं तो पापा की मौत हो जाएगी। सैंपल तो कर्मचारियों ने उसकी स्थिति देखकर ले लिया लेकिन कुछ देर बाद वहीं पर बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई। कोरोना जांच कराने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लेकिन कोई इंतजाम नहीं है। कर्मचारी अपने हाथ से सफाई भी कर रहे हैं। एक सफाई कर्मचारी सैंपल सेंटर पर नहीं है। मंगलवार को जांच किट समाप्त हो गई। इसकी वजह से कई लोग लौट गए। कर्मचारियों ने बताया कि कई बार अधिकारियों से सफाई कर्मचारी की मांग की गई लेकिन कोई सुनने वाला नहीं हैं।
ट्विटर अकाउंट नहीं बनाने वाले अफसरों पर होगी कार्रवाई
संक्रमण से बचाव और शिकायतों के निस्तारण के लिए जिले में लागू होगी यह सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना महामारी से बचाव और लोगों की सुविधाओं के लिए डीएम ने मातहतों को ट्विटर अकाउंट बनाने के निर्देश दिए हैं। कुछ अफसरों को छोड़कर अधिकांश विभाग अफसर अभी तक ट्विटर अकाउंट नहीं बना सके हैं। डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए दो दिन के अंदर अकाउंट बनाकर अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
महामारी की वजह से अफसर लोगों से मिलने और प्रार्थना पत्र लेने से कतरा रहे हैं। ऐसे में जिन कार्यालय में प्रार्थना पत्र लोग दे रहे हैं। उस प्रार्थना पत्र को सैनिटाइज कराने के 24 घंटे बाद अफसर देख रहे हैं और निस्तारण के लिए विभागीय अफसर को भेज रहे हैं। ऐसे में लोगों की सुनवाई देर से हो रही है। सुरक्षा के दृष्टिकोण और संक्रमण से बचाव के लिए डीएम ने सभी विभागीय अफसरों को ट्विटर अकाउंट बनाने के निर्देश दिए थे। बावजूद कुछ अफसरों ने लापरवाही बरती और और अभी तक अकाउंट नहीं बनाए हैं। डीएम ने चेतावनी देते हुए ऐसे अफसरों से दो दिन के अंदर अकाउंट बनाने के निर्देश दिए हैं। शिथिलता बरतने पर कार्रवाई की बात कही है। जिला स्तरीय, तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को ट्विटर अकाउंट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि इसके माध्यम से लोगों की शिकायतों को समय से निस्तारित किया जा सके। तत्काल ट्विटर अकाउंट सृजित कर सूचना ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजीव मिश्रा को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
फोटो समाचार
लॉकडाउन के बाद भी सड़क पर निकल रहे लोग
सलेमपुर। कोरोना संक्रमितों की संख्या दिन-ब-दिन तहसील क्षेत्र में बढ़ रही है। इसके चलते तहसील क्षेत्र में शुक्रवार तक लॉकडाउन किया गया है। इसके बावजूद लोग सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एसडीएम व कोतवाल लॉकडाउन को पालन कराने के लिए सड़क पर निकले।
कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने से प्रशासन चिंतित है। लेकिन लोग इसे गंभीरता से नहीं ले रहें हैं। दवा की दुकानें व आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रहने के निर्देश हैं। साथ ही बेवजह घूमने पर भी प्रतिबंध है। नगर में दवा की दुकानों के अलावा फल आदि ठेलों पर बिकते देखे गए। दुपहिया व प्राइवेट वाहन भी फर्राटे भरते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पुलिस नहीं पहुंच पा रही है वहां दुकानें खुल रही हैं। एसडीएम ओमप्रकाश बर्नवाल, कोतवाल गिरिजेश तिवारी लॉकडाउन को पालन कराने के लिए नगर में भ्रमण किए। हर हाल में लोगों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी।
फोटो समाचार
कोरोना को हराकर घर लौटे बरहज के विधायक
रुद्रपुर। बरहज के विधायक सुरेश तिवारी पूरी तरह कोरोना संक्रमण से उबर कर घर वापसी कर लिए हैं। वह दस दिन पहले कोरोना से संक्रमित हो गए थे। उनका इलाज पूना के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। दो बार टेस्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से उनकी छुट्टी कर दी गई। हालांकि, अभी वह अपने पूना स्थित आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। अस्पताल से घर वापसी करने पर परिवार के सदस्यों ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया। विधायक के कोरोना से उबरने पर उनके समर्थकों ने खुशी जताई। रुद्रपुर के रनिहवा स्थित उनके घर पर काम करने वाले ड्राइवर, रसोइया और कर्मचारी भी कोरोना संक्रमण से उबर चुके हैं।
फोटो समाचार
लखनऊ की कायाकल्प टीम ने सीएचसी का किया निरीक्षण
तीन सदस्यीय टीम साथ ले गई वीडियो और फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। लखनऊ की तीन सदस्यीय कायाकल्प टीम स्थानीय सीएचसी पहुंची। जहां अधिकारियों ने अस्पताल का गहन निरीक्षण किया। टीम ने जगह-जगह से वीडियो और फोटो लिया। जो अपने साथ ले गए।
मंगलवार को दोपहर बाद लखनऊ से आए डिवीजनल प्रोजेक्ट मैनेजर फैजाबाद देवनाथ, एआरजे जितेंद्र पांडेय, गाजीपुर के इंद्रजीत सीएचसी पहुंचे। सभी ने चिकित्साधीक्षक डॉ. अजय पाल के साथ परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। जबकि लेबर रूम, ओपीडी, जेई-एई वार्ड, पैथालॉजी आदि की जांच की। डिवीजनल प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। मॉर्क्स आने पर स्वच्छता मिशन में अस्पताल को पास या फेल किया जाएगा। हालांकि, पास होने के लिए 75 फीसदी मॉर्क्स जरूरी है। मौके पर डॉ. केपी गुप्त, ख्याति श्रीवास्तव, सिद्धार्थ, विवेक सिंह, ओपी सिंह, अशोक श्रीवास्तव, चंद्रभान, मनीष आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को खुलेगा सीएचसी, मेल स्टाफ नर्स पॉजिटिव
बरहज। स्थानीय सीएचसी में फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वॉय कोरोना संक्रमित पाए गए थे। विभाग ने अस्पताल को सोमवार तक सील किया था। मंगलवार को कर्मचारियों का कोरोना की जांच की गई। इसमें मेल स्टाफ नर्स की रिपोर्ट संक्रमित आई है। आनन-फानन सीएचसी सील कराकर उन्हें क्वारंटीन कराया गया। जबकि अस्पताल को सैनिटाइज कराया गया। चिकित्साधीक्षक डॉ. अजय पाल ने बताया कि बुधवार तक अस्पताल बंद रहेगा। बृहस्पतिवार को सीएचसी संचालित होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें