तीव्र अल्कोहल मिश्रित होम्योपैथी दवा के नाम पर शराब के धंधे का भंडाफोड़
देवरिया। तीव्र अल्कोहल मिश्रित होम्योपैथी दवा को आबकारी विभाग ने शनिवार की सुबह सदर कोतवाली के दानोपुर गांव से बरामद किया। 23 पेटी व्हीकल मार्क होम्योपैथी दवा के साथ टीम ने दो वाहनों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि गोदाम मालिक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आबकारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार सिंह को मुखबिर ने सुबह सूचना दी कि उत्तराखंड से मंगाई गई तीव्र अल्कोहल मिश्रित होमयोपैथी दवा दानोपुर गोदाम में रखी गई है। उसका उपयोग शराब के लिए किया जाता है और उसे बिहार भेजने की तैयारी है। उन्होंने आबकारी निरीक्षक कुलदीप सिंह, पंकज विवेक तथा श्याम नरायन वर्मा के साथ दानोपुर गांव में स्थित गोदाम पर छापा मारा। वहा 32 पेटी (प्रत्येक में 450 एमएल 20 बोतल) एवं 12 बोतल अन्य व्हीकल मार्क होम्योपैथी दवा मिली। इसके बाद टीम ने ईएनए अंकित तीव्रता 91 प्रतिशत और बोलेरो, पिकअप के साथ चालक को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के कुशमौनी गांव निवासी पीयूष को कोतवाली लेकर आबकारी टीम चली आई। आबकारी निरीक्षक को चालक ने बताया कि इसे बिहार ले जाने तैयारी थी। उन्होंने बताया कि गोदाम का मालिक बिहार निवासी आरोपी फरार हो गया। इस मामले में दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।