हरियाणा से बिहार को जा रही शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
देवरिया। हरियाणा से बिहार के विभिन्न जनपदों में अवैध शराब की खेप भेजने वाले गिरोह के दो सदस्यों को एसओजी और दो थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो वाहनों में भेजे जा रही अवैध अंग्रेजी शराब और वाहन को पुलिस ने बरामद किया है। शराब तस्करी के आरोप में पकड़े गए तस्करों के खिलाफ पुलिस गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने में भी जुटी हुई है।
बृहस्पतिवार को एसपी डा. श्रीपति मिश्र ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि बुधवार की रात एसओजी, महुआडीह पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि एक पिकअप से तस्कर शराब लेकर हेतिमपुर टोल प्लाजा के पास से गुजरने वाले हैं। पुलिस ने अवैध शराब को पकड़ने के लिए टोल प्लाजा पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक पिकअप आई और पुलिस ने उसे रोक लिया। पुलिस ने खाली पिकअप के चैंबर की तलाशी ली तो भारी मात्रा में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब मिली। वाहन चालक साहिल निवासी हुमायूंपुर थाना आईएमटी रोहतक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वाहन समेत अवैध शराब को जब्त कर लिया। इसी तरह रामपुर कारखाना पुलिस ने हिरंदापुर चौराहे से रात में टोयटा कोरला लग्जरी वाहन के तीन दरवाजे और पीछे की ब्रेक लाइट में बनाए गए चैम्बर में छिपाकर रखी गई अवैध शराब और वाहन को बरामद किया है। वाहन चालक राजेश हुड्डा निवासी आसन थाना आईएमटी जनपद रोहतक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट तहत भी कार्रवाई की जाएगी। शराब तस्करों को पकड़ने वाली टीम में एएसपी राजेश कुमार और सीओ निष्ठा उपाध्याय की देखरेख में बनी टीम में एसओजी के उपनिरीक्षक संतोष सिंह, घनश्याम सिंह, महुआडीह के एसओ राममोहन सिंह, अमर नाथ सोनकर, राहुल सिंह, धनंजय श्रीवास्तव, प्रशांत शर्मा, सुधीर मिश्र और रामपुर कारखाना एसओ गोपाल प्रसाद, मान सिंह आदि मौजूद रहे।
हाईवे पर टोल टू टोल अवैध शराब की हो रही तस्करी
देवरिया। पुलिस के हाथ लगे अवैध शराब तस्करों का गिरोह हरियाणा से बिहार तक फैला हुआ है। हर माह करोड़ों रुपये की शराब की तस्करी करने वाले गिरोह ने युवाओं को पलभर में लाखों रुपये का मालिक बनाने का सपना दिखाकर अवैध शराब की तस्करी करा रहे है। यह गिरोह टोल टू टोल अवैध शराब का कारोबार करा रहा है। पकड़े गए दोनों शराब तस्करों ने पुलिस को बताया कि वाहन को हरियाणा से दरभंगा पहुंचाने में कई वाहन चालकों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन दोनों को मुजफ्फरपुर के पास एक टोल पर अवैध शराब को एक व्यक्ति को सौंपना था। इसके बदले में इनको 10-10 हजार रुपये मिलते हैं।
तस्करों के कारनामे देखकर पुलिस हैरान
देवरिया। पुलिस को चकमा देकर शराब की तस्करी करने वाले तस्करों के कारनामे को देखकर पुलिस के जवान भी सोचने को मजबूर हो जा रहे है। पिकअप के चैंबर में छिपाई गई अवैध शराब के ऊपर गोबर रखा गया था। जिससे पुलिस को शक न हो सकें। जबकि लग्जरी कार के ब्रेक लाइट और दरवाजे में चैंबर बनाया गया था ताकि वाहन खाली दिखे और पुलिस को शक न हो।
पुलिस की सख्ती से तस्करों ने बदला रास्ता
देवरिया। एक साल से हरियाणा से बिहार तक अवैध शराब भेजने वाले तस्करों पर जनपद की पुलिस ने नकेल कसी है। पुलिस की बरामदगी पर गौर किया जाए तो एक साल में करीब 37 करोड़ रुपये का अवैध शराब बरामद कर चुकी है। पुलिस को इस गिरोह ने चकमा देने के लिए तस्करी का रास्ता ही अब बदल दिया है। शराब तस्कर जनपद के सिवान के रास्ते को छोड़ कर हाईवे को पकड़ा है। टोल से टोल तक तस्करों ने नेटवर्क खड़ा कर रखा है।
शराब कंपनियां पुलिस के निशाने पर
एसपी डॉ. श्रीपति मश्रि ने बताया कि शराब तस्करों की जड़ तक पहुंचने के लिए प्रदेश स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। अभी तक की बरामदगी की रिपोर्ट मुख्यालय ने मांगी थी। जिन कंपनियों ने शराब को तस्करों के हाथों में सौंपा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।