पिछले साल ही हो गया भुगतान, कस्तूरबा विद्यालयों में नहीं लगे वाईफाई डिवाइस
उपस्थिति, मानीटरिंग, पढ़ाई एवं ऑनलाइन कार्य हो रहे प्रभावित
खान एकेडमी लखनऊ की ओर से गणित व विज्ञान की ऑनलाइन कक्षाओं पर भी असर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में वाईफाई डिवाइस संबंधित एजेंसी को भुगतान होने के बावजूद नहीं पहुंचे हैं। बिना इस डिवाइस के ही किसी तरह इन विद्यालयों में उपस्थिति, पढ़ाई, निरीक्षण एवं ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन कागज में ही किया जा रहा है। गणित विषय में दक्षता प्रदान करने के लिए यहां की छात्राओं के लिए विशेष रूप से खान एकेडमी लखनऊ की ओर से संचालित ऑनलाइन कक्षा पर भी प्रभाव पड़ रहा है।
पूर्व बीएसए रहे मनोज कुमार मिश्र ने अपने कार्यकाल के दौरान सभी कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों बॉयोमेट्रिक हाजिरी एवं वाईफाई सहित अन्य तकनीकी सुधार किया था। उनके जाने के बाद से ही यह व्यवस्था फेल हो गई। अब परियोजना की ओर से प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों को सुनियोजित ढंग से क्रियान्वित तथा आधारभूत सुविधाओं, व्यवस्थाओं स्टाफ व छात्राओं की उपस्थिति की ऑनलाइन मॉनीटरिंग किए जाने के लिए बॉयोमेट्रिक डिवाइस जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदने के निर्देश पिछले वर्ष हुए थे। स्पष्ट निर्देश थे कि यह उपकरण प्रतिष्ठित ब्रांड का हो तथा 30 नवंबर वर्ष 2021 तक इसका क्रय कर लिया जाए। साथ ही विद्यालय स्तर पर उपकरण आपूर्ति, संख्या एवं गुणवत्ता का सत्यापन विषयक आख्या राज्य परियोजना कार्यालय को भेजने के बाद ही निर्धारित समिति के सत्यापन के बाद ही भुगतान करने के निर्देश हुए थे। खास बात यह है कि जिले में संबंधित एजेंसी को डिवाइस लगाने के लिए निर्धारित धन का भुगतान पिछले साल ही कर दिया गया। इसके बावजूद किसी भी विद्यालय में यह डिवाइस अब तक नहीं लगाया गया है। इधर, इन विद्यालयों में उपस्थिति, पढ़ाई, निरीक्षण सहित अन्य सारे कार्य ऑनलाइन हो रहे हैं। हालांकि, डिवाइस न होने से यह कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इधर, खान एकेडमी लखनऊ की ओर से गणित में यहां की छात्राओं को दक्ष बनाने के लिए विशेेष कक्षाओं का संचालन हो रहा है। अकादमिक एवं तकनीकी सहयोग के लिए एक मेंटर भी बीएसए की ओर से नामित किए गए हैं। इस संबंध में जिला समन्वयक बालिका शिक्षा टीएन पांडेय ने बताया कि कुल 13 कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों में से नौ में वाईफाई डिवाइस एवं कंप्यूटर सिस्टम दो दिन पहले भेजे गए हैं। इसके लग जाने के बाद यहां आ रहीं समस्याएं दुरुस्त हो जाएंगी।