गौरी बाजार। गौरी बाजार कस्बा निवासी एक शख्स की रविवार की सुबह करीब 10 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके गई पत्नी को पति के मौत की सूचना मिली तो उसने डाॅयल 112 पुलिस को सूचना देते हुए पति की मौत के कारण की जांच की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
नगर के वार्ड संख्या सात निवासी भरत वर्मा (50) की घर पर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ कुछ दिन से रुद्रपुर अपने मायके में रह रही थी। मौत की सूचना मिलते ही पत्नी व बच्चे सहित परिजनों में कोहराम मच गया।
भरत की पत्नी गुड़िया देवी सूचना मिलते ही ससुराल पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक देवरिया को जानकारी देते हुए पति के मौत की जांच व शव को पोस्टमार्टम कराने की मांग की।