सलेमपुर। खुखुंदू थाना क्षेत्र के मगराईच गांव की जमीन को जालसाजी और धोखाधड़ी से अपने नाम कराने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मगराईच गांव के छांगुर (73) ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनके रिश्तेदार ने छल-कपट कर पहले खतौनी में हेरफेर कराया। बाद में खुद को उनके नाम से दर्शाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार करा लिए। इसके जरिए 10 सितंबर 2024 को उपनिबंधक कार्यालय सलेमपुर में उनकी जमीन का फर्जी बैनामा करा दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि वह रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते थे। खेती की जिम्मेदारी रिश्तेदार को सौंप रखी थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने साजिश के तहत जमीन का अवैध अंतरण करा लिया।
मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से की गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने शनिवार की देर रात गांव की संध्या देवी, छांगुर, प्रियव्रत और सत्यनारायण कुशवाहा पर जालसाजी, धोखाधड़ी व कूटरचना के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।