भागलपुर। तुर्तीपार रेलवे पुल के नीचे मिले नर कंकाल को शंकर पांडेय की पत्नी ने पति का होने का दावा किया है। उनका कहना है कि पुलिस मामले को दबा रही है।
मईल थाना क्षेत्र के ईशारू गांव निवासी शंकर पांडेय की हत्या आठ सितंबर की रात कर दी गई थी। शव को बोरे में रख कर भागलपुर पुल से सरयू नदी में फेंक दिया गया था। मंगलवार को तुर्तीपार पुल के नीचे मछुआरों ने नदी का पानी कम होने पर रेत में बोरे में बंद नरकंकाल देखा। बोरे से भागलपुर भट्ठे की बीएमपी मार्का ईंट भी बंधी थी। मईल पुलिस पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए शव को भेज दिया।
शंकर पांडेय की पत्नी और परिजनों का कहना है कि यह शंकर पांडेय के शव का नरकंकाल है। बोरे में भागलपुर ईंट भट्ठे के बीएम पी मार्का का शव के साथ बोरे में बंधा ईंट मिला है। इससे नरकंकाल के शंकर के हाेने की पुष्टि हो रही है। मईल एसओ गोरखनाथ सरोज ने बताया कि कंकाल का पोस्टमार्टम कराया गया है। डीएनए जांच के लिए सैंपल भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि जा सकेगी। इसको लेकर पुलिस तैयारी कर रही है।