रामपुर बुजुर्ग। मैरवा-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुक्रवार से शुरू हो गया। रामपुर बुजुर्ग से मझौली चौक होते हुए गुठनी मोड़ तक जाने वाले नेशनल हाईवे मार्ग पर धरनी छापर क्षेत्र में जेसीबी से सड़क के किनारे झाड़ियों की सफाई के साथ निर्माण कार्य शुरू हुआ।
सड़क चौड़ीकरण का कार्य गोरखपुर की चाणक्य टेक्नोक्रेट कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से कराया जा रहा है। योजना के तहत करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी सड़क को करीब 35 फीट चौड़ा किया जाएगा। साथ ही सड़क के दोनों ओर करीब तीन-तीन फीट चौड़े नाले का निर्माण भी होगा। नाला और सड़क की वेयरिंग एक साथ की जाएगी, जिससे जलनिकासी की समस्या से भी निजात मिलेगी। करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इस परियोजना को एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मौके पर मौजूद जेई धनंजय गिरी ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य विधिवत शुरू हो चुका है। इससे पहले एक सप्ताह तक सड़क की मापी कराई गई थी। मापी के अनुसार कहीं सड़क की चौड़ाई 10 मीटर तो कहीं 15 मीटर तक की जाएगी।
मापी के दौरान यह भी सामने आया कि सड़क के दोनों ओर करीब 42 फीट सरकारी जमीन उपलब्ध है। जेई धनंजय गिरी ने बताया कि निर्माण कंपनी ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और तय समय सीमा के भीतर कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। संवाद