- खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला, वृद्ध का मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी को घर घुसने से वृद्ध ने रोका तो पड़ोसी आग बबूला हो उठा। आरोप है कि कुछ लोगों को मौके पर बुला उसने वृद्ध पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में वृद्ध का सिर फोड़ दिया गया। इसके अलावा बेरहमी से की गई पिटाई में बाएं पैर के जांघ और रीढ़ की हड्डियां टूट गई है। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स को देख हमलावर भाग निकले। पीड़ित की हालत गंभीर बताई जा रही है। मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज चल रहा है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में 68 वर्षीय वृद्ध के चार बेटों में एक बेटे की मौत हो चुकी है। आरोप है कि पुरुष वर्ग की गैरमौजूदगी में विधवा बहू घर में अक्सर पड़ोसी को बुलाती रहती है। जिससे घर का माहौल बिगड़ने लगा है। शुक्रवार की रात दरवाजे के बाहर वृद्ध ससुर सोए हुए थे। इसी बीच बहू ने पड़ोसी को घर पर बुला लिया। रात तकरीबन 8:00 बजे पड़ोसी घर में घुसने लगा तो वृद्ध ससुर ने विरोध जताया और कहा कहां घर में घुसे चले जा रहे हो। वृद्ध का टोकना पड़ोसी को नागवार गुजरा। उसने तुरंत कुछ लोगों को बुलाकर वृद्ध पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। वृद्ध जब लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। हालांकि फिर भी पड़ोसी अन्य लोगों के साथ उसे मारता-पीटता रहा।
सूचना पर पहले 112 पुलिस और फिर थाने से फोर्स पहुंची तब जाकर हमलावर भागे। वृद्ध को गंभीर चोटें आई हैं। मेडिकल कॉलेज देवरिया में उनका इलाज चल रहा है। थानेदार दिग्विजय सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची थी। वृद्ध का मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज चल रहा। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि विवाद की जानकारी हुई है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।