गिरफ्तारी न होने पर लेखपालों ने धरना दिया
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
भटनी के साहोपार गांव में पैमाइश के दौरान राजस्व टीम पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर लेखपाल लामबंद हो गए हैं। लेखपालों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार करते हुए तहसीलदार कार्यालय गेट पर धरना दिया। भटनी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। लेखपालों का कहना था कि चार दिन बीतने के बाद भी एक भी आरोपियों को आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
भटनी के साहोपार गांव में कानूनगो सुनील श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व टीम चकरोड की पैमाइश करने गई थी। पैमाइश के दौरान गांव के कुछ लोगों ने राजस्व टीम पर हमला कर दिया। इसमें सुनील श्रीवास्तव समेत कई लेखपाल घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में छह नामजद और दस अज्ञात लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया। लेकिन चार दिन बाद भी पुलिस इस मामले में अभी तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इससे नाराज लेखपालों ने तहसील में धरना दिया। भटनी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
लेखपालों ने तहसीलदार राहुल देव भट्ट को अपनी मांगों का पत्र दिया। इसमें कहा है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक तहसील के लेखपाल कोई सरकारी कार्य नहीं करेंगे। जरूरत पड़ने पर पूरे जिले के लेखपाल हड़ताल करेंगे। धरना देने वालों में अध्यक्ष अवधेश दुबे, दिनेश लाल श्रीवास्तव, चन्द्रभूषण पांडेय, जीतेन्द्र सिंह, अश्वनी पांडेय, प्रेमप्रकाश यादव, भनुप्रताप यादव, श्रीकांत यादव, नर्वदेश्वर मिश्र, ब्रजेश लाल श्रीवास्तव, उमाशंकर पांडेय, नरेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।