सोनूघाट। देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर सोनूघाट चौराहे पर नाले का पानी से जलभराव होने से राहगीरों की दुश्वारियां बढ़ती जा रही हैं।
चौराहे से जाने वाले सोनूघाट-बरहज मार्ग के दोनों तरफ थोड़ी बारिश होने पर नाले का पानी सड़क पर भर जाता है।
यहां पर आने वाले दो पहिया वाहन चालक अक्सर फिसल कर गिरते रहते हैं। ई-रिक्शा भी कई पलट चुके हैं। चौराहे के दुकानदार संगम यादव, शिवम यादव, हरेंद्र जायसवाल, डब्लू, उमेश चंद्र गौड़, कमलेश शर्मा, रामशरण प्रसाद, उपेंद्र शर्मा ने बताया कि आए दिन जलभराव के चलते उपभोक्ताओं का आना बंद हो गया है।
व्यापार पर असर पड़ रहा है। यदि ऐसे व्यापार चला तो जीविकापार्जन की समस्या हो जाएगी। राहगीर सुबिखर निवासी सूरज गौड़, सुधीर कनौजिया, बैरौना निवासी प्रधान शंभूनाथ यादव, अकरम अली, एकडंगा निवासी सोनू पाठक ने बताया कि यह समस्या काफी दिनों से है लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं जिसका खामियाजा राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
पीडब्लूडी के सहायक अभियंता क्षीतिष जायसवाल ने बताया कि जल्द ही प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। धन स्वीकृति होने के बाद सड़क को गड्ढा मुक्त करा दिया जाएगा। संवाद