बरहज। सरयू में जलस्तर बढ़ने से राप्ती भी उफान पर है। पीछे हटने के बाद सरयू बुधवार को तीसरी बार बढ़त बनाने लगी है। इससे जलस्तर में पांच सेमी की वृद्धि दर्ज की गई है। फिलहाल राप्ती के जलस्तर में नरमी है। सरयू के बढ़त बनाने से तटवर्ती गांवों के लोगाें में खलबली है।
तीसरी बार सरयू का जलस्तर बढ़ने से लोगों के माथे पर लकीरें खिंच गई हैं। जलस्तर में हो रही उठापटक और कटान से लोग पशोपेश में हैं। सरयू खतरे के निशान 66.50 से 80 सेमी नीचे 65.70 मीटर, जबकि राप्ती के जलस्तर में पांच सेमी कमी आने के बाद नदी 66.70 मीटर पर बह रही है। नदी परसियां-विशुनपुर देवार में मोहन सेतु के पास कटान कर रही है। इससे सरयू का पानी पीडब्ल्यूडी बांध की ओर बढ़ने लगी है।
परसियां-विशुनपुर देवार के रमाशंकर यादव, शंकर यादव, अशोक यादव, मंजनाथ, संजय यादव आदि का कहना है कि नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव से पिछले दो साल पहले की याद ताजा हो जा रही है।