सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, थाना घाट तक पहुंचा पानी
बरहज। लगातार हो रही बारिश से पोखरा, नाला लबालब हो गए हैं। जबकि पिछले तीन दिनों से सरयू के जलस्तर में निरंतर इजाफा हो रहा है। सरयू का जलस्तर बढ़ने से नदी का पानी थाना घाट तक पहुंच गया है। जलस्तर में इजाफा से तटवर्ती रेतीले भागों पर बोई गई सब्जियां डूब गई हैं। जिससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है।
बरहज में सरयू घाट से करीब 500 मीटर दूर बह रही थी। बीते दिनों आए तूफानों का असर नगर क्षेत्र में भी रहा है। लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से जगह-जगह जलजमाव हो गया है। नाली-नाले बरसात के पानी से भर गए हैं। पिछले तीन दिनों से जलस्तर में करीब एक से डेढ़ फीट की बढ़ोत्तरी नोट किया जा रहा है। सरयू के बढ़ते जलस्तर से नदी का पानी मोहन सेतु की ओर से थाना सहित अन्य घाटों के समीप से बहने लगा है। जलस्तर बढ़ने के कारण नदी और घाटों के बीच सैकड़ों एकड़ रेतीली भूमि पर बोई गई खीरा, ककड़ी, तरबूज, लौकी, नेनुआं आदि सब्जियां जलमग्न हो गई हैं। समय से पूर्व हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण किसानों को डूबी सब्जियों के सड़ने का डर सता रहा है। बताया जा रहा है कि नगर सहित समीपवर्ती गांवों के किसान हुंडा पर टुकड़ों में खेत लेकर सब्जियां उगाते हैं। जिसकी आमदनी से उनके परिवार का खर्च चलता है। लेकिन फसलों के डूबने से संकट मंडराने लगा है। बृजेश, चिखुरी, राजदेव आदि किसानों का कहना है कि 2000 रुपये बीघा पर हुंडा पर ली गई भूमि पर सब्जी उगाए थे। लेकिन इस बार मौसम के करवट लेने से मूलधन निकलना भी मुश्किल हो गया है। पीडब्ल्यूडी के जेई अखिलेश कुुमार का कहना है कि पिछले दिनों से जलस्तर में निरंतर तेजी आ रही है।