घर में खींच कर युवक ने किया किशोरी से दुष्कर्म
रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को घर में खींच कर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता का आरोप है कि पुलिस आरोपी से समझौता करने का दबाव बना रही है। उसने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी 5 मई की शाम घर से चौराहे पर जा रही थी। आरोप है कि गांव का एक युवक किशोरी को जबरन खींचकर अपने घर में ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। लोक लाज के भय से किशोरी ने यह बात परिजनों को नहीं बताई। इससे युवक के हौसले बढ़ गए। दोबारा 29 मई की शाम किशोरी को खींच कर खेत की ओर ले जाने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर ग्रामीण जुट गए। युवक मौका पाकर फरार हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने पीड़ित से थाने पर आकर तहरीर देने को कहा। किशोरी के पिता ने थाने आकर तहरीर दी। पुलिस युवक से समझौता करने का दबाव बना रही है। मंगलवार को वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।