संवाद न्यूज एजेंसी
रामलक्षन। रुद्रपुर-गौरी बाजार मार्ग स्थित बनसप्ती चौराहा पर बृहस्पतिवार की देर रात सड़क के किनारे पैदल जाते समय बोलेरो की ठोकर लगने से चौकीदार घायल हो गया। आननफानन परिजन उसे सीएचसी गौरी बाजार ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेकिडकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बेलकुंडा गांव निवासी 60 वर्षीय चन्द्रशेखर यादव बनसप्ति चौराहा स्थित एक प्राइवेट स्कूल की चौकीदारी करते थे। वह रात करीब नौ बजे घर पर भोजन करने के बाद स्कूल में सोने पैदल जा रहे थे। रुद्रपुर-गौरी बाजार मार्ग पर रुद्रपुर की तरफ जा रही बोलेरो ने उन्हें ठोकर मार दी। वह बोलेरो की चपेट में आने से करीब सौ मीटर तक घसीटते चले गए।
लोगों के शोर मचाने पर गाड़ी चालक चौकीदार को वाहन से दूर कर भाग गया। चन्द्रशेखर की तीन संतानें पिंटू, मिंटू, नीलम हैं। पत्नी रंभा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया।