देवरिया। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को जिले की गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था, अभिलेखों और उपभोक्ता सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने भारत गैस एजेंसी भाटपार रानी तथा एचपी गैस ग्रामीण वितरण केंद्र खुखुंदू पहुंचकर गैस आपूर्ति की प्रक्रिया की जांच की।
डीएम ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से गैस सिलिंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा उपभोक्ताओं की शिकायत मिलने पर संबंधित पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने वितरण रजिस्टर, उपभोक्ता अभिलेख एवं गैस आपूर्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
उन्होंने कहा कि सिलिंडर वितरण व्यवस्था पारदर्शी होनी चाहिए।
डीएम ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर गैस आपूर्ति, होम डिलीवरी व्यवस्था और एजेंसियों के बारे में जानकारी ली।