सलेमपुर। सोहनाग मोड़ पर प्रस्तावित परशुराम चौक का निर्माण अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के बीच अधिकार क्षेत्र के पेच में फंस गया है। फरवरी 2025 में नगर पंचायत की ओर से 6.70 लाख रुपये का टेंडर करने के बावजूद 15 महीने बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
नगर पंचायत ने परशुराम चौक निर्माण के लिए सलेमपुर-सोहनाग मोड़ को चिह्नित कर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली थी। अप्रैल 2025 में निर्माण कार्य की अनुमति के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजा गया। लोक निर्माण विभाग ने संबंधित सड़क को एनएचएआई गोरखपुर के अधीन बताते हुए अनुमति देने से हाथ खड़े कर दिए। जवाब मिलने के बाद नगर पंचायत ने मई 2025 में एनएचएआई गोरखपुर को पत्र भेजकर चौक निर्माण और प्रतिमा स्थापना की अनुमति मांगी। एनएचएआई ने सड़क के बीच किसी भी प्रकार की प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद से पूरा मामला अधर में लटक गया है। लोगों की नाराजगी को देखते हुए नगर पंचायत अब चौक निर्माण के लिए वैकल्पिक स्थान तलाश रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले ही विभागीय अनुमति की स्थिति स्पष्ट कर ली जाती तो टेंडर के बाद ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
वहीं नगर पंचायत के ईओ महेंद्र पांडेय का कहना है कि उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।