देवरिया। बच्चों को कुपोषण व गंभीर बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से बाल स्वास्थ्य पोषण माह के अंतर्गत 29 दिसंबर से 28 जनवरी तक विटामिन-ए अनुपूरण अभियान चलाया जाएगा। इसमें 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। दवा प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को आयोजित होने वाले छाया वीएचएनडी सत्रों के माध्यम से दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने जूम मीटिंग के जरिए जनपद के सभी अधीक्षक व प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विटामिन-ए बच्चों की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ ही आंखों और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। सीएमओ ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के कुल 4.91 लाख लक्षित बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। साथ ही नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों को उनके लंबित टीके भी लगाए जाएंगे। आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्यकर्मी व एनजीओ के सहयोग से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा ने बताया कि सार्वजनिक अवकाश के कारण अभियान की शुरुआत 27 की बजाय 29 दिसंबर से होगी। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को गंभीर बीमारियों से बचाने का प्रभावी उपाय है। शत-प्रतिशत टीकाकरण से ही वीपीडी पर नियंत्रण संभव है। अभियान के दौरान रिपोर्टिंग व्यवस्था को मजबूत करने और भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।