कोरोना सचिव ने की क्वारंटीन सेंटरों की जांच
क्वारंटीन लोगों को भोजन, नाश्ता देने के निर्देश दिए
सामुदायिक रसोई में चखे भोजन की गुणवत्ता
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर। नगर के क्वारंटीन सेंटरों की रविवार को विशेष सचिव कोरोना विद्या शंकर ने जांच की। उन्होंने क्वारंटीन सेंटर में रहने वाले लोगों से भोजन गुणवत्ता और सुविधाओं की जानकारी ली। कोरोना सचिव ने तहसील के सामुदायिक रसोई में जाकर भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए भोजन चखें। उन्होंने अधिकारियों को क्वांरटीन सेंटर पर क्वारंटीन लोगों को गुणवत्ता युक्त भोजन देने और चिकित्सकीय जांच कराने के निर्देश दिए।
सुबह दस बजे आदर्श जूनियर हाई स्कूल के क्वारंटीन सेंटर पहुंचे विशेष सचिव ने वहां सबसे पहले सफाई व्यवस्था का जायजा लिए। सेंटर पर दस कमरों को अधिग्रहीत किया गया है। यहां करीब दस लोग क्वारंटीन हैं। विशेष सचिव ने लोगों से उनका हालचाल जाना। उन्होंने सीएचसी के अधीक्षक डॉ धर्मेंद्र सिंह को क्वारंटीन लोगों की रोज जांच करने के निर्देश दिए। कहा कि क्वारंटीन सेंटर पर सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान दिया जाए। नगर पंचायत सेंटर पर रोज ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराएगा। शौचालय और स्नानागार में फिनायल डालकर रोज सफाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से क्वारंटीन लोगों को दोनों वक्त गुणवत्तायुक्त भोजन दिया जा रहा है। गैर प्रांत से आने वाले लोगों को तीन दिनों तक क्वारंटीन सेंटरों में रखकर जांच की जाएगी। स्वस्थ पाए जाने पर उन्हें 21 दिन के लिए होम क्वारंटीन कराया जाएगा। उन्होंने कोरोना का संक्रमण रोकने को लॉकडाउन सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम ओमप्रकाश, सीओ अंबिका, तहसीलदार रामश्रय, एनटीआर राहुल गुप्ता, बीइओ गोपाल शरण मिश्र, कोतवाल अरुण कुमार, एचईओ एलबी चौधरी, डॉ सुशील मल्ल, डॉ एसएन मणि आदि मौजूद रहे।
विशेष सचिव ने शेल्टर होम और कम्युनिटी किचेन का की जांच, प्रवासियों से की पूछताछ
निगरानी समिति से पूछने पर उनके कर्तव्यों से कराया अवगत
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के कपरवार में विशेष सचिव कृषि और नोडल अधिकारी विद्याशंकर ने क्वारंटीन सेंटर और सामुदायिक किचन की व्यवस्था परखा। उन्होंने निगरानी समिति के कुछ सदस्यों के बारे सही उत्तर न मिलने पर उन्हें कर्तव्यों का पाठ पढ़ाते हुए जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
विशेष सचिव, जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मोजम्मिल के साथ कपरवार तिराहे पर पहुंचे। दो मिनट गाड़ी में से ही गोरखपुर बॉर्डर का जायजा लेने के बाद सीधे प्राथमिक विद्यालय स्थित क्वारंटीन सेंटर में पहुुंचे। करीब एक घंटे तक रहे विशेष सचिव ने विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली। उन्होंने शिफ्ट प्रवासियों से पूछताछ करने के अलावा कम्युनिटी किचेन में भोजन के रख-रखाव, गुणवत्ता आदि का जायजा लेते हुए रसोइयों से पूछताछ की। विद्यालय परिसर में बनाए गए शेल्टर होम में सात कमरे, छह शौचालय, दो स्नानघर, स्वच्छ पेयजल में मिनरल वाटर आदि के बारे में गहनता से पूछताछ की। इस दौरान तहसीलदार वंशराज राम, नायब तहसीलदार संजय पांडेय, चिकित्सा प्रभारी डॉ. हरेंद्र कुमार, डॉ. एसपी गुप्त, हीरालाल मधुकर, अनुराधा सिंह, प्रधान हनुुमान गुप्त, देवेश सिंह, अमित सिंह आदि उपस्थित रहे।
किचेन में रसोइयों को उपलब्ध कराया मास्क और कैप
बरहज। कपरवार में विशेष सचिव के आने की सूचना पर अधिकारी मुस्तैद थे। पुलिस चौकी पर खास इंतजामात किए गए थे। हालांकि, सचिव के वहां न पहुंचने से लोगों ने राहत भरी सांस ली। प्राथमिक विद्यालय में बने शेल्टर होम और कम्यूनिटी किचेन में रसोइयों से भोजन आदि प्रबंध के बारे में पूछताछ की। मास्क के अलावा समुचित प्रबंध न होने पर चिकित्सा प्रभारी महेन से उनके लिए कैप, ग्लव्स और मास्क उपलब्ध कराया। रसोइयों से उनके इस्तेमाल के बारे में पूछताछ करते हुए प्रयोग के बारे में बताया।