ग्राम सचिवालय पर प्रदर्शन किया, राशन वितरण में अनियमितता का आरोप
देवरिया। राशन कार्ड धारकों ने सोमवार को ग्राम सचिवालय पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और राशन वितरण में कोटेदार की ओर जा रही अनियमितता की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की।
तरकुलवा ब्लॉक के पकड़ी छापर पटखौली के ग्रामीणों ने कोटेदार शिव कुमारी देवी के खिलाफ राशन वितरण में अनियमितता, अंगूठा लगवाकर राशन नहीं देने, घटतौली करने और कार्ड बनाने के नाम पर धनउगाही का आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि कोटे की दुकान का संचालन कोटेदार के पति करते हैं, जो अक्सर कार्ड धारकों को धमकी देते हैं।
गांव की शालू देवी पत्नी रामानंद व सुमन पत्नी अजय कुशवाहा ने आरोप लगाया कि कोटेदार के पति ने राशन कार्ड बनवाने के लिए उन लोगों से 1500-1500 रुपये लिया है, लेकिन अबतक राशन कार्ड नहीं बना है। प्रदर्शन करने वालों में पूनम देवी, मालती देवी, आसमा खातून, गुलाबी देवी, कलावती देवी, प्रीति देवी, शीला देवी, नौरंगी भगत, सूरत, दीपू, आलोक, अंकित, यासीन, गणेश पाठक, योगेन्द्र आदि शामिल रहे।