बरियारपुर। रामपुर कारखाना विकास खंड के चकरवा धुस पंसरही ग्राम पंचायत के विशुनपुरा खुर्द टोले के ग्रामीण करीब 30 साल से पक्की सड़क की राह देख रहे हैं। टोले में आने-जाने के लिए बने दो खड़ंजे भी जर्जर हो चुके हैं। ऐसे में ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, टोले में करीब 50 घर हैं। इनमें करीब 250 लोग रहते हैं। वर्ष 2011 में एक खड़ंजे का निर्माण कराया गया था मगर रखरखाव के अभाव में वह भी जर्जर हो चुका है। दूसरे रास्ते की स्थिति भी खराब है। बारिश में समस्या और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण की मांग ग्राम प्रशासक से लेकर डीएम, सीडीओ और जनप्रतिनिधियों से कई बार की गई, मगर अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीण किसी तरह पैदल और छोटे वाहनों से अपने घरों तक पहुंच रहे हैं। वहीं, बड़े वाहनों को टोले तक लाने में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द सड़क निर्माण कराकर आवागमन की समस्या दूर कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान/प्रशासक सुबास चंद्र यादव ने बताया कि सड़क का प्रस्ताव भेजा गया है जल्द ही निर्माण कराया जाएगा