रुद्रपुर। एकौना थाना क्षेत्र के बजरंग चौराहे पर बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत हो गई। बृहस्पतिवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव लाने के बाद ग्रामीणों ने रुद्रपुर-असवनपार मार्ग पर जाम लगा दिया।
ग्रामीण बाइक सवार पुलिसकर्मी पर टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे। देर शाम एसडीएम राज कुमार गुप्ता के आश्वासन पर लोग शांत हुए। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है। मराछी गांव निवासी रामप्रीत साहनी (65) मजदूरी कर परिवार के भरण&पोषण में सहयोग करते थे। बुधवार को वह एकौना किसी काम से गए थे और रात करीब आठ बजे पैदल घर लौट रहे थे। बजरंग चौराहे की ओर से जा रहे बाइक सवार ने सामने से टक्कर मार दी। वृद्ध सड़क पर गिर कर लहूलुहान हो गया।
परिजन उन्हें लेकर सीएचसी रुद्रपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रामप्रीत के तीन बेटों में एक की पहले ही मौत हो चुकी है। दो बेटे नागेंद्र और गुड्डू हैं। परिवार वालों ने बताया कि एकौना थाने के एक सिपाही से दुर्घटना हुई है। वह नशे की हालत में था और पुलिस ने आनन-फानन अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर दी।
सीओ रुद्रपुर सत्येंद्र राय ने बताया कि मृतक के परिवार वालों के आरोप की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। यदि विवेचना में किसी सिपाही का नाम प्रकाश में आता है तो संबंधित पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।