तरकुलवा। थाना क्षेत्र के दूबे टोला गांव के कब्रिस्तान के पास झाड़ी में बृहस्पतिवार को अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस शव की शिनाख्त कराने की कोशिश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, उधम सिंह नगर दूबे टोला के कब्रिस्तान के पास झाड़ियों में कुछ लोगों ने सुबह एक युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की।
शव कई दिन पुराना होने के कारण चेहरा काफी खराब हो चुका था। इससे उसकी पहचान नहीं हो सकी।
युवक ने पीले रंग की लाइनदार टी-शर्ट और नीले रंग का लोअर पहन रखा था। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत दो-तीन दिन पहले की हुई है। शव जिस स्थान पर मिला, उसे देखते हुए हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
पुलिस आसपास के थानों से दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कराने के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। शव दो-तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।