संवाद न्यूज एजेंसी देसही देवरिया। हरैया बसंतपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के विरोध में रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्राम प्रधान मनीषा सिंह ने ग्रामीणों के साथ मिलकर निर्माण कार्य को रोक दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में निर्माण के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इसके बावजूद विद्यालय प्रशासन जबरिया अतिरिक्त कक्ष का निर्माण करा रहा है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री और डीएम से की जा चुकी है।
कोई भी अधिकारी अब तक मौके पर जांच के लिए नहीं आया है। विद्यालय में कोई भी निर्माण कार्य जांच के बाद ही होने दिया जाएगा। महुआडीह थाना क्षेत्र के हरैया बसंतपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में रविवार को अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कार्य शुरू कराने की सूचना मिलते ही प्रधान सहित गांव के लोग विद्यालय पर पहुंच गए।
विद्यालय प्रशासन की तरफ से कराए जा रहे जबरन निर्माण कार्य को तत्काल रोके जाने की मांग की। कहा गया कि जांच होने तक निर्माण कार्य शुरू कराया जाना न्यायसंगत व जनहित में नहीं है।
कई घंटे तक हंगामे के बीच लोगों में बढ़ती नाराजगी को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने निर्माण कार्य बंद करा दिया।
गांव के रामदरश सिंह, वेदव्यास सिंह, रामक्यास शर्मा, जयप्रकाश दुबे, सुदामा दुबे, मंगल प्रसाद, नत्थू प्रसाद, रवि सिंह, विश्वामित्र आदि का कहना है कि बिना जांच के निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
बता दें कि वर्षों पहले गांव के लोगों ने दरियादिली दिखाते हुए बचत जमीन के अलावा कुछ निजी भूमि देकर प्राथमिक विद्यालय बनने में सहयोग किया था।
बाद में विद्यालय के अंदर खाली भूमि नहीं होने की वजह से दो मंजिला भवन भी बना है। अब यहां अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए धन जारी हुआ है।