देवरिया। परिवार से नाराज होकर घर से निकला बीएड का छात्र साइकिल से करीब 500 किमी की दूरी तय कर सलेमपुर पहुंच गया। शुक्रवार को महदहां गांव में ट्रैक्टर एजेंसी के पास वह बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस ने उसे सीएचसी सलेमपुर पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया। शनिवार को जानकारी मिलने पर परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
बिहार के कटिहार जिले के दंडखोरा थाना क्षेत्र के भभरौली सौरिया गांव निवासी सुनील कुमार दास (20) कटिहार के एक निजी डिग्री कॉलेज में बीएड का छात्र है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को वह महदहां स्थित ट्रैक्टर एजेंसी के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे सीएचसी सलेमपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। पुलिस ने युवक की पहचान होने के बाद परिजन को सूचना दी। शनिवार को परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
उन्होंने पुलिस को बताया कि सुनील कुछ समय से नशे का आदी है। किसी बात पर परिवार से नाराज होकर वह कुछ दिन पहले साइकिल लेकर घर से निकल गया था। इसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
परिजन के मुताबिक, घर से निकलने के बाद सुनील साइकिल से करीब 500 किमी की दूरी तय कर सलेमपुर पहुंचा। यहां वह किस तरह पहुंचा, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल उसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि युवक के स्वस्थ होने के बाद आवश्यक कार्रवाई कर उसे परिजन के सुपुर्द किया जाएगा।