देवरिया जिले में भटनी क्षेत्र के केरवनिया पुल के पास बैरियर तोड़ने के बाद सिपाही महानंद की स्कॉर्पियो से रौंदकर हत्या के मामले में अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की छानबीन में सामने आया है कि जिस स्कॉर्पियो से वारदात हुई, उसे गाड़ी का मालिक विजय मांझी खुद चला रहा था। विजय की तलाश में पुलिस की टीमें बिहार में विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है।
भटनी में बुधवार की भोर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बैरियर तोड़ते हुए सिपाही महानंद को रौंद दिया था। जिससे उनकी मौत हो गई थी। मामले में एसआई अंकित सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बिहार के फुलवरिया गांव निवासी स्कॉर्पियो मालिक विजय मांझी आदि के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया।
एसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीम व एसओजी लगाई गई है। लेकि, घटना के छह दिन बाद भी पुलिस विजय मांझी तक पहुंच नहीं पहुंच पाई है। बड़ी कार्रवाई के बाद घटना की उच्चस्तरीय जांच भी चल रही है। मामले में प्रतिदिन का अपडेट उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है।