भटनी। क्षेत्र के गौनरिया निवासी विजय बहादुर मिश्र ने मंगलौर में आयोजित प्रथम साउथ एशिया मास्टर एथलेटिक ओपन चैंपियनशिप में दो रजत पदक जीता है। 10 से 12 जनवरी के बीच आयोजित चैंपियनशिप में उन्होंने 70 प्लस आयु वर्ग में प्रतिभाग किया था। इस प्रतियोगिता में ट्रिपल जंप तथा लांग जंप में पदक जीतने वाले विजय बहादुर मिश्र अब तक सौ से अधिक स्वर्ण तथा रजत पदक जीत चुके हैं।
सीआईएसएसफ से हवलदार पद से वीआरएस लेने के बाद विजय बहादुर मिश्र गांव आए। 2004 से 40 प्लस आयु वर्ग में खेलना शुरू किया। अब तक 20 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिताओं में सौ से अधिक पदक अपने नाम कर चुके हैं। मार्च में काठमांडू में इंडो नेपाल चैंपियनशिप में लांग जंप में उन्होंने 4.52 मीटर लंबी छलांग लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया था। ट्रिपल जंप 9.32 मीटर कूदकर भी स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। सौ मीटर दौड़ को महज 16 सेकेंड में पूरा कर विजय बहादुर मिश्र ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
जनवरी में मंगलौर में आयोजित हुए प्रथम साउथ एशिया मास्टर एथलेटिक ओपन चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर विजय बहादुर मिश्र ने लांग जंप में 4.91 मीटर लंबी छलांग लगाई थी। वहीं ट्रिपल जंप में 9.27 मीटर कूदकर दोनों खेलों में रजत पदक हासिल किया। इस सफलता पर विधायक सुरेंद्र चौरसिया, रामनवल सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार गुप्त, अजीत कुमार सिंह, उपेंद्र त्रिपाठी, सुधांश राय व अन्य ने खुशी जताई है।