फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधानसभा चुनाव: नामांकन आज से, तैयारियां पूरी, कलेक्ट्रेट के सभी गेट सील

विज्ञापन
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव: नामांकन आज से, तैयारियां पूरी, कलेक्ट्रेट के सभी गेट सील
विज्ञापन

देवरिया। जिले के सातों विधानसभा सीटों के लिए नामांकन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। बृहस्पतिवार को डीएम एवं एसपी ने कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न जगहों एवं नामांकन कक्षों का जायजा लिया और इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। नामांकन में तीन पुलिस क्षेत्राधिकारी, 12 प्रभारी निरीक्षक, 10 निरीक्षक और 40 उपनिरीक्षकों को लगाया गया है। कलेक्ट्रेट के सभी गेट सील कर दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से छठे चरण में संपन्न होने वाले विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिये नियत निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन करने की अंतिम तिथि 11 फरवरी, नामांकन पत्रों की जांच 14 फरवरी, 16 फरवरी तक नाम वापसी एवं मतदान तीन मार्च को होगा। नामांकन संबंधी समस्त कार्य कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न न्यायालय कक्षों में चार फरवरी से सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक होगा। विधानसभा रुद्रपुर के रिटर्निंग आफिसर एसडीएम रुद्रपुर संजीव कुमार उपाध्याय को नामित किया गया है। न्यायालय कक्ष के लिए न्यायालय अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) देवरिया कक्ष संख्या एक निर्धारित है। देवरिया सदर विधानसभा के लिए रिटर्निंग आफिसर एसडीएम सदर सौरभ सिंह, न्यायालय कक्ष न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कक्ष संख्या तीन में, पथरदेवा के लिए रिटर्निंग आफिसर अपर उप जिलाधिकारी अरुण कुमार एवं न्यायालय उप जिलाधिकारी कक्ष संख्या चार, रामपुर कारखाना के रिटर्निंग आफिसर अपर उप जिलाधिकारी सलेमपुर महेंद्र कुमार एवं न्यायालय कक्ष न्यायालय अपर उप जिलाधिकारी कक्ष संख्या छह, भाटपाररानी के लिए रिटर्निंग आफिसर एसडीएम राजपति वर्मा एवं न्यायालय कक्ष अपर जिलाधिकारी देवरिया कक्ष संख्या सात, सलेमपुर विधानसभा की रिटर्निंग आफिसर वहां की एसडीएम गुंजन द्विवेदी को एवं न्यायालय कक्ष न्यायालय उप संचालक चकबंदी कक्ष संख्या आठ निर्धारित किया गया है। विधानसभा बरहज के रिटर्निंग आफिसर वहां के एसडीएम ध्रुव कुमार शुक्ला एवं न्यायालय कक्ष मुख्य राजस्व अधिकारी कक्ष संख्या नौ निर्धारित है। नामांकन पत्र चार से 11 फरवरी तक (लोक अवकाश के दिनों को छोड़कर) संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय कक्ष से सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक प्राप्त किए जा सकेंगे।
विज्ञापन

सुरक्षा में लगाए गए कुल 305 पुलिसकर्मी
एसपी डॉ.श्रीपति मिश्र ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया में तीन क्षेत्राधिकारी, 12 प्रभारी निरीक्षक, 10 निरीक्षक, 40 उपनिरीक्षक, 50 मुख्य आरक्षी, 180 पुरूष/महिला आरक्षी, एक कंपनी पीएसी, 15 यातायात पुलिस कर्मियों कुल 305 पुलिस अधिकारी/कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। नामांकन प्रक्रिया के मुख्य पर्यवेक्षक अधिकारी एएसपी राजेश कुमार सोनकर होंगे।
सात सहायक निर्वाचन अधिकारी कक्ष बनाए गए
सात विधानसभा निर्वाचन सीटों के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट मुख्य भवन में सात सहायक निवार्चन अधिकारी के कक्ष निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक कक्ष पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक निरीक्षक, दो उपनिरीक्षक, 10 पुरुष/महिला आरक्षी तैनात रहेंगे। समस्त नामांकन स्थल को इनर एवं आउटर दो कार्डनों में बांटा गया है, जिनके प्रभारी क्षेत्राधिकारी के स्तर के अधिकारी हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी नामांकन स्थल पर बैरीकेडिंग की गई है। मुख्य प्रवेश द्वार, जो कि कलेक्ट्रेट का दक्षिणी द्वार है, पर महिला इनक्लोजर, कोविड हेल्प डेस्क व डीएफएमडी की व्यवस्था की गई है। यहां दो प्रभारी निरीक्षकों की ड्यूटी रहेगी। इस द्वार से ही नामांकन के लिए प्रत्याशी प्रवेश करेंगे। कलेक्ट्रेट उत्तरी द्वार से अधिवक्ता व वादकारियों का ही प्रवेश होगा।
विज्ञापन

नामांकन अवधि तक रूट रहेगा डायवर्ट
नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुबह 10.30 से अपराह्न साढ़े तीन बजे तक कलेक्ट्रेट परिसर के सामने स्थित सड़क पर जीरो ट्रैफिक होगा। नामांकन स्थल के बाहर रोडवेज बस स्टैंड एवं शिव मंदिर के पास बैरिकेडिंग रहेगी। सलेमपुर की तरफ से आने वाले वाहन जिला अस्पताल से पुराना पोस्टमार्टम चौराहा होते शिव मंदिर के पास निकलेंगे। सुभाष चौक से आने वाले वाहन शिव मंदिर के सामने वाले रास्ते से प्रवेश कर पुराना पोस्टमार्टम चौराहा, जिला अस्पताल होते रोडवेज बस स्टैंड पर निकलेंगे। सलेमपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को रुद्रपुर मोड़ से डायवर्ट किया जाएगा, जो कतरारी चौराहे से अमेठी तिराहा से मुड़कर खोराराम होते हुए बैतालपुर निकलेंगे। गोरखपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को गौरीबाजार रामपुर चौराहे से रुद्रपुर से होते हुए रुद्रपुर मोड़ देवरिया से सलेमपुर की तरफ जाएंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें