एकौना। क्षेत्र के एक गांव से युवती को भगा ले जाने के आरोपी युवक का वीडियो तमंचा के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक जनप्रतिनिधि ने सोशल मीडिया पर अपने अकांउट से आरोपी युवक का वीडियो वायरल किया है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती। पुलिस ने आरोपी युवक और युवती को बंगलूरू से हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, एक गांव से 30 अगस्त से युवती गायब चल रही थी। इस मामले में रुद्रपुर कोतवाली के महदहा गांव निवासी अजहर पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। युवक और युवती की जान-पहचान नगर के एक कोचिंग सेंटर में हुई थी। युवक का पिता विदेश में रहता है।
गांव वालों के अनुसार, युवकभी कुछ दिनों में विदेश जाने वाला था। पुलिस ने शुक्रवार को युवती को मेडिकल जांच कराने के लिए भेजा। बृहस्पतिवार की देर रात आरोपी युवक का वीडियो सदर विधायक ने वायरल किया। वायरल वीडियो में युवक हाथ में दो तमंचा लेकर दिखा रहा है। गांव वालों के अनुसार, युवक का वीडियो तीन साल पुराना है। इस बावत सीओ हरिराम यादव ने कहा कि प्रकरण में पुलिस जांच कर रही है। संवाद