घूस लेते राजस्व निरीक्षक का वीडियो हुआ वायरल, निलंबित
भाटपाररानी (देवरिया)। तहसील में तैनात एक राजस्व निरीक्षक का एक मामले में रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ है। जिस को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने उनको निलंबित कर दिया। उन्होंने एसडीएम ध्रुव शुक्ला को मामले की जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त कर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
भाटपाररानी तहसील में देवेंद्र उपाध्याय राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात है। रविवार को एक मामले में घूस लेते हुए उनका वीडियो वायरल हो गया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश कर्मचारी आचरण नियमावली 1956 के तहत विपरीत कार्य किए जाने, निर्धारित दायित्वों के विरुद्ध कार्य किए जाने तथा शासन प्रशासन की छवि धूमिल किए जाने उन्हें निलंबित कर दिया। इसके साथ ही डीएम ने उपजिलाधिकारी को मामले में जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए सात दिनों में अपनी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी अमित किशोर ने बताया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर एसडीएम भाटपाररानी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।