तरकुलवा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर तैनात एक नेत्र परीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक महिला से वह 100 रुपये का नोट लेते दिख रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस तरह के किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हलचल मची हुई है। लोगों ने इसकी जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सीएचसी तरकुलवा में नेत्र परीक्षक के पद पर संविदा पर मनोज गुप्ता की तैनाती है। इधर, एक वायरल वीडियो के बाद नेत्र सहायक की कारगुजारी काफी सुर्खियों में है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कुछ महिलाएं अस्पताल परिसर में नेत्र परीक्षण के लिए पहुंची हैं। अस्पताल के नेत्र विभाग में अपने केबिन में बैठकर नेत्र परीक्षक उनका बारी-बारी नेत्र परीक्षण कर रहे हैं और पर्ची पर कुछ दवाइयां लिख रहे हैं। महिलाओं को चश्मा बनवाने की सलाह देते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि नेत्र परीक्षक उस महिला से 700 रुपये की बात करते हैं। जिसपर महिला कुछ कम लेने का आग्रह करती नजर आ रही है। इस पर वह कुछ एडवांस और शेष आने पर देने की बात कह रहे हैं। अंततः नेत्र परीक्षक एडवांस के रूप में महिला से एक 100 रुपये का नोट लेते हुए दिख रहे हैं। इस दौरान महिला उनसे गरीब होने और दूर से आने की दुहाई देती सुनी जा रही है। जवाब में वह यह कहते सुने जा रहे हैं कि यहां बहुत दूर-दूर से लोग आते हैं, फाजिलनगर तक से लोग आते हैं। इसके बाद दूसरी महिला का नंबर आता है, फिर वह उसका नेत्र परीक्षण करने के बाद पर्ची पर दवाइयां और चश्मा बनवाने की सलाह देते दिख रहे हैं।
वायरल वीडियो के बारे में पूछने पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. डीएन भारती ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही चार्ज लिया है, इसलिए उन्हें इस वीडियो की जानकारी नहीं है। प्रकरण की जांच-पड़ताल कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।