बनकटा। क्षेत्र के सुंदरपार गवाल स्थित एक शराब की दुकान पर थाने में तैनात एसआई और चौकीदार के बीच विवाद का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
वीडियो में दिख रहा है कि थाने का एक चौकीदार एसआई पर आरोप लगा रहा है कि एसआई ने उसे गाली दी है और डंडा निकाल कर मारने पड़े हैं। चौकीदार वीडियो में कह रहा है कि आपने मुझे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है। वीडियो में कुछ लोग एसआई को गलत ठहराते हुए चौकीदार द्वारा लगाए गए आरोपों को सही ठहरा रहे हैं। वहीं वीडियो में एसआई अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत ठहराते हुए प्रमाण दिखाने की बात कर रहे हैं तथा एसओ को मौके पर बुलाने के लिए फोन करते दिख रहे हैं। एसआई कह रहे हैं कि तुम रंजिश के कारण यह सब आरोप लगा रहे हो क्योंकि मैंने तुम्हारे खिलाफ एक मुकदमे में चार्जशीट लगाई थी। वहीं एसआई का यह भी कहना है कि चौकीदार और उसके साथी मुनीब से मिलकर बिहार में शराब भेज रहे थे। मेरे द्वारा पकड़े गए दस पेटी शराब को चौकीदार और मुनीब ने जबरदस्ती छुड़वा दिया और लड़कों को भगा दिया। वीडियो में एक व्यक्ति एसआई के हाथ से लाठी छिनता हुआ दिखाई दे रहा है, जो शराब की दुकान का मुनीब बताया जा रहा है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिससे पुलिस विभाग की किरकिरी हो रही है। इस संबंध में सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व में संदिग्ध बैग के साथ फोटो हुआ था वायरल
बनकटा। सुंदरपार गवाल शराब की दुकान पर विवादों में आए एसआई का पूर्व में भी एक संदिग्ध बैग के साथ फोटो वायरल हो चुका है। उक्त फोटो में एसआई अपनी बाइक पर एक संदिग्ध बैग रखे हुए थे। फोटो वायरल होने के बाद विभाग ने इसकी जांच की बात कही थी। वहीं चर्चा है कि चौकीदार अक्सर इसी शराब दुकान के आसपास पाया जाता है। पूर्व में एसआई के फोटो वायरल होने में चौकीदार की भी भूमिका होने की बात सामने आयी थी। वहीं वृहस्पतिवार को जिस शराब की दुकान पर एसआई और चौकीदार का विवाद हुआ है, वह इस एसआई के हल्के में नहीं आता है।