देवरिया। जिले में बोर्ड की ओर से घोषित परीक्षा केंद्रों के संबंध में आईं आपत्तियों का सत्यापन कराया जा रहा है। तहसील स्तरीय समिति संबंधित केंद्रों पर जाकर इसकी रिपोर्ट तैयार कर रही है। उनके सत्यापन के बाद उसकी रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाएगी। सात दिसंबर को बोर्ड की ओर से केंद्रों की फाइनल सूची घोषित की जाएगी।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटर की परीक्षा के लिए जिले के लिए पहली घोषित सूची के अनुसार कुल 171 केंद्र बनाए गए हैं। इस संबंध में 14 नंवबर तक प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों से आपत्तियां मांगी गई थीं। ऑनलाइन व ऑफलाइन कुल 245 आपत्तियां डीआईओएस कार्यालय पर आई हैं। इसके अनुसार कुछ विद्यालयों के केंद्र 10 से लेकर 20 किमी दूर तक भेज दिया गया है। वहीं कुछ विद्यालय मानक पूरा करने के बाद भी केंद्र नहीं बन पाए हैं। वहीं कुछ वित्त पोषित व वित्त विहीन विद्यालयों ने स्कूल से केंद्र की दूरी अधिक होने के चलते परेशानी का हवाला देते हुए पास के केंद्रों पर सेंटर बनाने के लिए आवेदन किया है। कुछ ने छात्रों का केंद्र दूर भेजने पर आपत्ति जताया है। जिले के 409 वित्तविहीन विद्यालयों में से 206 ने अलग-अलग समस्याओं को लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उधर अब तहसील स्तरीय समिति इन आपत्तियों का सत्यापन कर रही है। संबंधित अधिकारी केंद्रों पर जाकर इसका निस्तारण करने में लगे हुए हैं।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक नीलेश पांडेय ने रविवार को बताया कि जो भी आपत्तियां मिली हैं, तहसील स्तरीय समिति उसका सत्यापन कर रही है। छात्र-छात्राओं को अधिक दूर न जाना पड़े, बोर्ड के नियमों के अनुसार आपत्तियों को दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। 20 नवंबर तक समिति अपनी रिपोर्ट कार्यालय में दे देगी, जिसे बोर्ड को भेज दिया जाएगा। वहां से सात दिसंबर तक केंद्रों की सूची फाइनल कर दी जाएगी।