- उन्नाव नंबर की बोलेरो से बरामद हुए थे पशु, तस्कर गाड़ी छोड़कर भाग गए
- बाॅर्डर पर पुलिस की सख्ती के बावजूद सक्रिय गिरोह, रातभर बढ़ाई गई गश्त
देवरिया। बिहार सीमा से सटे इलाकों में एक बार फिर पशु तस्करों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। पुलिस की लगातार निगरानी, सीसीटीवी कैमरों और बैरिकेडिंग के बावजूद तस्कर नए तरीकों से सक्रिय हैं। पश्चिमी यूपी से तस्करों की गाड़ियां यहां तक पहुंच रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, भाटपार रानी थाना क्षेत्र के बिहार सीमा से सटे बनकटा अमेठिया गांव के पास सोमवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध बोलेरो को घेर लिया। पुलिस को देखते ही वाहन सवार तस्कर गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गए। तलाशी लेने पर बोलेरो से तीन पशु बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार वाहन उन्नाव जिले के नंबर पर पंजीकृत है। वाहन नंबर के आधार पर तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरी ओर बनकटा थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग-कर्जनिया मार्ग पर पुलिस ने एक अन्य वाहन को पकड़ा। वाहन से चार पशु बरामद किए गए, जबकि मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बनकटा थाना क्षेत्र के भट्टई रामपुर बुजुर्ग गांव निवासी गुड्डू और सबरुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य तस्कारों की जानकारी जुटा रही है।
सूत्रों के अनुसार बिहार सीमा के दूसरी तरफ पशु तस्करों ने अस्थायी ठिकाने बना रखे हैं। बनकटा क्षेत्र में पकड़े गए दो तस्करों ने इसका खुलासा भी किया है।