देवरिया। कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए गिरोह के तीन शातिर गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की आठ बाइक, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
पुलिस टीम ने सिंचाई विभाग चौराहा के पास चेकिंग के दौरान नागेंद्र गौड़ और नितेश कुमार को चोरी की दो बाइकों के साथ दबोचा। तलाशी में नागेन्द्र के पास से 315 बोर का तमंचा मिला। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चण्डिका छात्रावास के पास से तीसरे साथी बिट्टू कुमार को गिरफ्तार किया गया, जहां से छह अन्य बाइकें बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह रेकी कर भीड़भाड़ वाले स्थानों से बाइक उड़ाता था और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें बेचने की फिराक में रहता था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।