सलेमपुर। सनातन धर्म एवं संस्कृति का प्रमुख पर्व वसंत पंचमी इस वर्ष 23 जनवरी (शुक्रवार) को श्रद्धा व विधि-विधान से मनाई जाएगी। इस दिन विद्या, बुद्धि और वाणी की देवी मां सरस्वती के जन्मोत्सव का महापर्व मनाया जाता है।
आचार्य अजय शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचांग के अनुसार माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि 23 जनवरी को पूर्वाह्न 2 बजकर 28 मिनट से प्रारंभ होकर अगले दिन 24 जनवरी की रात 1 बजकर 46 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर 23 जनवरी को वसंत पंचमी मनाना श्रेयस्कर रहेगा।
उन्होंने बताया कि पुराणों के अनुसार इसी दिन भगवान शिव एवं माता पार्वती के तिलकोत्सव का आयोजन हुआ था, जिसके बाद उनके विवाह की रस्में प्रारंभ हुईं। इसी तिथि को मां सरस्वती का प्राकट्य भी हुआ था।
आचार्य अजय शुक्ल ने कहा कि वसंत पंचमी के दिन मांगलिक कार्यों के शुभारंभ की विशेष मान्यता है। शास्त्रों में इस दिन मां सरस्वती की पूजा को अत्यंत फलदायी बताया गया है।