लार। मऊ और वाराणसी रेल खंड के बीच डेढ़ माह पहले यात्रा कर रही एक महिला के पर्स में रखा डेढ़ लाख रुपये से अधिक के आभूषण समेत मोबाइल चोरी हो गया था।
महिला की शिकायत पर मऊ जीआरपी प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी है। शुक्रवार को मोबाइल से मिले लोकेशन के आधार पर पहुंची वाराणसी जीआरपी की टीम ने लार पुलिस के सहयोग से थाना क्षेत्र के एक गांव में छापा मारकर एक युवक को दबोच लिया।
उसके पास से चोरी का मोबाइल बरामद हुआ है। पूछताछ में बिहार के एक युवक से सस्ते दाम पर खरीदने की बात बताई है।
पुलिस के मुताबिक, डेढ़ माह पहले ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला अपनी सीट पर बैठी थी। इसी बीच कुछ युवक पहुंचे और सीट पर बैठने का अनुरोध करते हुए बैठ गए।
कुछ देर बाद किसी बोगी में चले गए। इसी बीच महिला ने देखा तो पास में रखा पर्स गायब था। उसमें सोने के जेवरात और मोबाइल था। इसकी सूचना महिला ने मऊ जीआरपी को दी।
पुलिस अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घटना की छानबीन कर रही थी। इसी बीच चोरी हुए मोबाइल का लोकेशन लार थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव में मिला।
सक्रिय हुई जीआरपी ने दोपहर में स्थानीय पुलिस की मदद से छापा मारकर एक युवक को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने बिहार के गुठनी थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक से दो हजार रुपये में मोबाइल खरीदने की बात कही। साथ ही बिक्री करने वाले युवक का आधार कार्ड भी दिखाया।
बताया जा रहा है कि वह पहले भी कई सामान बेच चुका है। देर शाम तक पुलिस मोबाइल बेचने वाले की तलाश में जुटी रही।