देवरिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित अनुदानित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में हुई। इसमें लंबित समस्याओं पर चर्चा की गई।
इन समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर पहल करने का निर्णय लिया गया। बैठक में समाज कल्याण अनुसूचित जाति प्राथमिक पाठशाला एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की नई प्रदेश कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन भी किया गया।
बैठक में शिक्षकों ने प्रदेश सरकार की ओर से तीन जुलाई को जारी विद्यालयों की बिंदुवार जांच, मई माह से लंबित वेतन भुगतान, बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था, पुरानी पेंशन से जुड़े मुद्दों, बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों की भांति कैशलेस चिकित्सा सुविधा, समूह बीमा तथा समान अवकाश की व्यवस्था आदि पर चर्चा की।
इसके बाद नई प्रांतीय कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन हुआ।
इसमें सर्वेश सिंह को प्रदेश अध्यक्ष, कासिम खां को कार्यकारिणी अध्यक्ष, गिरजा शंकर शुक्ल को प्रदेश महासचिव, ध्रुपलाल, अनिरुद्ध प्रसाद एवं रविंद्र यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा शिवदत्त दूबे को प्रदेश कोषाध्यक्ष चुना गया।
नवचयनित प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश सिंह ने कहा कि समाज कल्याण विभाग के अनुदानित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक वर्षों से कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं, मगर अब संगठन उनकी आवाज को मजबूती से शासन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है और इसमें किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संगठन पूरी एकजुटता के साथ शिक्षकों के हितों की रक्षा करेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
इस दौरान सत्येंद्र कुमार सिंह मनोज सिंह, नंदकिशोर यादव, फुलेना यादव, नंदलाल, उमेश, विकास प्रसाद, मुन्ना, शिवानंद, अनिरुद्ध आदि मौजूद रहे।