संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। धर्मांतरण मामले में क्षेत्र के बरडीहा लाला गांव निवासी एसएस माॅल मालिक उस्मान गनी का साला गौहर अंसारी के घर ताला लटका हुआ है। मामला सुर्खियों में आने के बाद परिजन घर छोड़कर भाग गए हैं। ग्रामीण कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। युवती के पिता ने गौहर अंसारी, उसके माता-पिता और उसके दो भाइयों पर धर्मांतरण का केस दर्ज कराया था।
पुलिस दो सितंबर को आरोपी गौहर को यह कहते हुए जेल भेज दिया था कि वह धर्मांतरण की तैयारी में था। उधर, साले के जेल जाने के बाद एसएस मॉल मालिक उस्मान गनी भी की संलिप्तता उजागर हो गई। उसी की सह पर गौहर धर्मांतरण की तैयारी में लगा था। खुखुंदू क्षेत्र के बरडीहा लाला गांव निवासी मंसूर अंसारी की दो बेटी और तीन बेटों में एक गौहर अंसारी है।
गौहर 30 जुलाई को 19 वर्षीय युवती को लेकर भाग गया। युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस एक अगस्त को केस दर्ज कर युवती की तलाश में जुट गई। युवती गांव के ही गौहर अंसारी के साथ कहीं गई थी। पुलिस ने युवती का कोर्ट में बयान कराया। बयान के बाद युवती को बालिंग होने पर उसे स्वेच्छा से गौहर के साथ रहने की अनुमति मिल गई। फिर दोनों ने मंदिर में शादी की ली।
इधर, युवती के पिता ने थाने में पुलिस को फिर से तहरीर देकर बेटी को धर्मांतरण कराकर गौहर पर शादी करने का आरोप लगाया। पुलिस ने गौहर अंसारी, उसके माता-पिता और भाइयों पर केस दर्ज कर गौहर को नूनखार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया था कि गौहर दिखावे के लिए युवती से मंदिर में शादी की है। इसके बाद वह युवती को गुमराह कर चोरी-चुपके धर्मांतरण की तैयारी में लगा था।
ग्रामीणों की मानें तो गौहर के जेल जाने के बाद से परिजन कुछ दिन तक गांव में इधर-उधर भाग कर छिपते रहे। जब गौहर के जीजा उस्मान गनी की धर्मांतरण में संलिप्तता पाई गई है, तबसे पूरे परिवार वाले गांव छोड़कर भाग गए। गौहर के घर पर ताला लटका हुआ है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि गौहर के अलावा केस में शामिल उसके माता-पिता और भाइयों की जांच चल रही है। यदि संलिप्तता पाई गई तो उन्हें भी जेल भेजा जाएगा।