हंगामे के बाद महिला का शव लेकर जाते परिजन
देवरिया। शहर के सोंदा में स्थित एक अस्पताल में रविवार की सुबह महिला की मौत के बाद परिजन ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टर मरीज को देखने तक नहीं आए।
इलाज में लापरवाही के कारण महिला की जान चली गई। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने परिजन को समझाकर शांत कराया।
गौरी बाजार थाना क्षेत्र के साहू मठिया गांव निवासी खरपति देवी (55) की शनिवार को पेट दर्द के बाद तबीयत बिगड़ गई थी। पति हीरा विश्वकर्मा और अन्य परिजन उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन का आरोप है कि इसी बीच एक दलाल के कहने पर महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
शनिवार की रात अस्पताल में महिला का इलाज चला मगर हालत में सुधार नहीं हुआ।
रविवार की सुबह करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई। पति हीरा विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि इलाज और जांच के नाम पर मोटी रकम ली गई, जबकि कोई डॉक्टर मरीज को देखने नहीं पहुंचा।
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को अस्पताल के खिलाफ सीएमओ से शिकायत करने की सलाह दी। सदर कोतवाली के इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने बताया कि प्रकरण की जांच चल रही है।