संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक शनिवार को पंचायत सभागार में अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी की अध्यक्षता में हुई। इसमें क्षेत्र पंचायत के वार्ड परिसीमन में अनियमितता के मुद्दे पर सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया। बिजली की समस्या का मुद्दा भी छाया रहा।
सदस्यों ने वार्डों के परिसीमन में एक ही प्रकार के समान प्रकरण के आपत्ति निस्तारण में दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया, जबकि बिजली कटौती और लटक रहे तारों को दुरुस्त कराने की मांग की। जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त लोगों के प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया गया। इसके अलावा एजेंडे के अन्य बिंदुओं को पारित कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारी के पद पर राजेश कुमार तिवारी के पदोन्नति पर मुहर लगाई गई।
बैठक में पिछली कार्रवाई की पुष्टि की गई। इसके बाद अपर मुख्य अधिकारी अर्जुन सिंह ने कार्रवाई शुरू की। सदस्य कमलेश पांडेय ने क्षेत्र पंचायत के वार्डों के परिसीमन में धांधली का आरोप लगाया गया। कहा कि देसही देवरिया ब्लाॅक में दो वार्डों, वार्ड संख्या छह देसही देवरिया उत्तरी व वार्ड संख्या सात देसही देवरिया दक्षिणी है। दोनों वार्डों में परिसीमन न उत्तर-दक्षिण और न पूरब-पश्चिम से किया गया है। बिना भौगोलिक दृष्टि अपनाए दोनों वार्ड को छिन्न-भिन्न कर दिया गया।
जाति विशेष की आबादी के गांव व टोले को वार्ड संख्या सात में जोड़ा गया है, जबकि वह गांव वार्ड संख्या छह में आते हैं। अपर मुख्य अधिकारी कहा कि क्षेत्र पंचायत से प्राप्त सूची पर ही जिला पंचायत का वार्ड बनता है।
क्षेत्र पंचायत से प्राप्त क्लस्टर को किसी भी रूप में जनपद मुख्यालय पर तोड़ा नहीं जा सकता है, मगर बसंतपुर की आबादी 2500 से अधिक है, जो तीन गांवों को बीडीसी के रूप में जोड़ा था, उसे तोड़कर एक बनाया गया है।
आपत्ति निस्तारण में एक जाति विशेष से वार्ड संख्या सात से उम्मीदवार की आपत्ति ग्राम सभा को वार्ड संख्या सात से जोड़ने की थी उसे न्याय संगत बनाता गया, जबकि दूसरे आपत्तिकर्ता की आपत्ति उसी तरह की थी उसे बताया गया कि ग्राम सभा के मुताबिक है न्याय संगत नहीं है। इस मुद्दे का अन्य सदस्यों ने समर्थन किया।
डीपीआरओ व अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि शासन की गाइडलाइन के तहत परिसीमन हुआ है। यदि आपत्ति है तो जांच कराएं। सदस्य विश्वजीत सिंह, सुभाष यादव, प्रभा भारती ने बिजली कटौती, लटकते तारों का मुद्दा उठाया।
जिला पंचायत कार्यालय व क्लब घर के छत पर सोलर पैनल तथा दोनों स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्थापित किए जाने व जिला पंचायत मुख्यालय स्थित निरीक्षण गृह भवन को निष्प्रयोज्य किए जाने पर चर्चा के बाद स्वीकृति प्रदान की गई।
इस दौरान सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर, बरहज विधायक दीपक मिश्र शाका, सीआरओ जेआर चौधरी आदि माैजूद रहे।