कुर्मी पट्टी खेल मैदान की छात्रा जिया राव की कप्तानी में मिली कामयाबी
संवाद न्यूज एजेंसी
बघौचघाट। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज कुर्मी पट्टी का खेल मैदान फिर चर्चा में है। इस खेल मैदान पर अभ्यास करने वालीं दो महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के दम पर उत्तर प्रदेश की अंडर-14 महिला फुटबाल टीम ने केरल को 2-1 से हराकर राष्ट्रीय फुटबाल चैंपियनशिप जीतकर चैंपियन बन गई है।
छत्तीसगढ़ में चल रहे अंडर-14 महिला फुटबाल चैंपियनशिप में महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज कुर्मी पट्टी खेल मैदान की दो महिला फुटबॉल खिलाड़ी जिया राव और समा परवीन यूपी टीम से खेल रही थीं। यूपी टीम की कप्तान जिया राव थीं। जिया राव के बेहतरीन खेल के दम पर यूपी की टीम फाइनल में पहुंची थी।
फाइनल मैच बुधवार की सुबह यूपी और केरल के बीच खेला गया। खेल के पहले हॉफ में यूपी की तरफ से समा परवीन ने पहला गोल मारकर अपनी टीम को एक-शून्य की बढ़त दिला दी। दूसरे हॉफ में केरल की अफ़रोज़ ने गोल मारकर टीम को बराबर पर ला दिया। खेल के अंतिम क्षण में यूपी टीम की कैप्टन जिया राव ने बेहतरीन गोल मारकर अपनी टीम को विजेता बना दिया।
जिया राव के अच्छे खेल के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन पर काॅलेज के कोच जयकुमार राव, सुजीत प्रताप सिंह, हरेंद्र सिंह, वेदप्रकाश तिवारी, करुणेश तिवारी, सफ़ीक अहमद, मंजूर हसन, मुराद अली बेग, विवेक श्रीवास्तव आदि ने बधाई दी है।