रुद्रपुर में बैंक से रकम नहीं मिलने को लेकर लोग सड़क पर उतर कर बवाल करने लगे, जिससे सड़कों पर जाम लग गया।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर/पकड़ी बाजार। नोट बंदी के एक माह बाद भी बैंक नकदी संकट से जूझ रहे हैं। गुरुवार को रुद्रपुर में किसी भी बैंक में कैश नहीं आने से भीड़ ने आपा खो दिया। खाताधारकों ने यूबीआई की शाखा पर पथराव किया। पूर्वांचल और स्टेट बैंक पर रुपया निकालने आए लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस को माहौल शांत कराने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
सड़क जाम कर प्रदर्शन करने से रुद्रपुर नगर में यातायात व्यवस्था चार घंटे बाधित रही। सुबह से कैश का इंतजार कर रहे लोगों ने यूनियन बैंक पर तीन बजे कैश नहीं आने पर पथराव किया। ईंट-पत्थर चलने से अफरातफरी मच गई। पुलिस के पहुंचते ही पत्थरबाज भाग गए। गुस्साए लोगों ने यूबीआई का होर्डिंग और सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। पूर्वांचल बैंक में कैश नहीं आने की सूचना पर लोगों ने सड़क जाम कर दिया। राहगीरों की ओर से सड़क जाम का विरोध करने पर महिलाएं हाथ में ईंट-पत्थर लेकर हंगामा करने लगीं।
महिलाओं का तेवर देख लोग रास्ता बदल कर चलते बने। इमामबाड़ा चौराहे पर एचडीएफसी के एटीएम से रुपया नहीं मिलने पर लोगों ने गाड़ियां खड़ा कर सड़क जाम कर दिया। उन्होंने बैंककर्मियों के खिलाफ नारेबाजी की।
पकड़ी बाजार में महिलाओं ने जाम लगाया। उन्होंने बैंककर्मियों को तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा। पुलिस के हस्तक्षेप पर लोग शांत हुए। एसबीआई और सेंट्रल बैंक की शाखा पर भी रुपया नहीं आने पर लोगों ने बवाल किया। जगग-जगह जाम और हंगामे से लोग परेशान रहे। देर रात तक लोग एटीएम पर लाइन में खड़े रह गए, पर रुपया नहीं मिला। मुख्य सड़कों पर जाम के कारण लोग गलियों से जाते नजर आए।