अनियंत्रित कार की चपेट से दुकान पर खड़े किशोर की मौत
बैतालपुर। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सिरजम चौराहे के तेनुआ मोड़ पर शुक्रवार की शाम अनियंत्रित कार घड़ी बनवा रहे एक किशोर को रौदते हुए एक विद्यालय में घुस गई। हादसे में घायल किशोर को जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के परसिया गांव निवासी 12 वर्षीय शिवम यादव पुत्र विरेंद्र यादव घड़ी बनवाने के लिए साइकिल से सिरजम चौराहा के तेनुआ मोड़ पर आया था। वह गुमटी में स्थित घड़ी की दुकान पर अभी खड़ा ही था कि अचानक एक अनियंत्रित कार उसे रौंदते हुए और गुमटी को तोड़ते हुए देवरिया-गोरखपुर मुख्य मार्ग स्थित पहले एक मकान और उसके बाद बगल में स्थित शारदा इंटर कॉलेज परिसर की दीवार से टकराकर रुक गई। कुछ देर के लिए चौराहे पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। उधर कार की टक्कर से शिवम गंभीर रुप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी सांसे थम गईं। वहीं हादसे में वाहन चालक भलुअनी थाना क्षेत्र के सोनाड़ी गांव निवासी अरुण कुमार दुबे को आसपास के लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि वाहन चालक पुलिस के कब्जे में है। तहरीर मिलने पर उस पर केस दर्ज किया जाएगा।
पुत्र की मौत से गमगीन हैं परिजन
शिवम कक्षा छह में संस्कार वैली स्कूल पथरहट गौरीबाजार का छात्र था। एक बाइक एजेंसी में गार्ड की नौकरी करने वाले विरेंद्र यादव व उनकी पत्नी अनीता देवी की तीन संतानों में वह दूसरे नंबर का पुत्र था। बड़ा भाई सत्यम 15 एवं सबसे छोटी बहन सुंदरी 9 वर्ष की है। शिवम की मौत के बाद से ही सभी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।