संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर/भटनी। कोतवाली क्षेत्र के पुरैना चौराहा के पास एक कार बेकाबू होकर आश्रम की दीवार से टकरा गईं। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई।
जबकि अन्य चार सवार युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को एक निजी वाहन से देवरिया मेडिकल कॉलेज भेजवाया, जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया।
जबकि राहुल, आदित्य और दीपक की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं अंकित का मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज चल रहा है। भटनी थाना क्षेत्र के हतवा नकहनी निवासी अनुराग (18) पुत्र हरेराम अपने साथी खिरिया गांव निवासी दीपक (18) पुत्र देवेंद्र प्रसाद, आदित्य पटेल (22) पुत्र सुनील, परसौनी गांव निवासी राहुल यादव (18) पुत्र राम जतन तथा सिनेमा रोड भटनी निवासी अंकित (22) पुत्र सोहन के साथ बैगनार कार से सलेमपुर आए थे।
सलेमपुर से सभी देवरिया की तरफ जा रहे थे। कोतवाली सलेमपुर के पुरैना चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के पास कार अनियंत्रित हो गई और मंदिर के दानपात्र के लिए बनाई गई दीवार में टक्कर मारते हुए सीधे पास में स्थित पुजारी के आश्रम में घुस कर पलट गई।
आश्रम में रह रहे पुजारी बाल-बाल बच गए। आवाज को सुनकर आस पास के लोग वहां पहुंच गए और सभी घायलों को कार से बाहर निकाला। इसमें अनुराग की मौके पर मौत हो गई। अन्य युवकों को कार से निकालने के बाद इसकी सूचना लोगों ने कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर सीओ दीपक शुक्ला तथा कोतवाली प्रभारी दीपक कुमार मय फोर्स घ पहुंचे। डॉक्टरों ने राहुल, दीपक व आदित्य की स्थिति नाजुक बताते हुए मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। जबकि अंकित का मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज चल रहा है। प्रभारी कोतवाली दीपक कुमार ने बताया कि कार की गति तेज होने से हादसा होना बताया जा रहा है।