सलेमपुर। सोनबरसा चौराहे पर मंगलवार की देर रात एचपी गैस के मैनेजर पर हुए जानलेवा के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। बुधवार को दो आरोपितों हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार नगर के एचपी गैस मैनेजर पिपरा मोहन वार्ड के लक्ष्मण यादव पुत्र राजवंशी यादव हैं। आरोप है कि मंगलवार की देर रात वह गोदाम से हिसाब कर अपने घर जा रहे थे। वह सोनबरसा चौराहे के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। देखते ही देखते कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि हमलावरों ने लक्ष्मण यादव पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया और उनके जेब में रखे गैस सिलिंडर के पैसे निकाल लिया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने इस प्रकरण में तेजी दिखाते हुए बुधवार को दो आरोपितों को हिरासत में लेकर घटना स्थल की छानबीन की। कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।