सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के हिछौरा लाला गांव में छठिहार कार्यक्रम के दौरान आयोजित आर्केस्ट्रा में तमंचे के बल पर नर्तकी को नचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवक स्टेज के पास तमंचा लहराते हुए नर्तकी पर डांस करने का दबाव बना रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
जानकारी के मुताबिक हिछौरा लाला गांव निवासी राजा प्रसाद के घर बृहस्पतिवार को छठिहार का कार्यक्रम था। रात में आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान बगल के ठेंगवल ग्यास गांव निवासी हीरालाल उर्फ किशन प्रसाद तमंचा निकालकर नर्तकी को दिखाते हुए नचाने लगा। कार्यक्रम में मौजूद एक युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। आरोप है कि वीडियो बनाने की जानकारी होते ही हीरालाल और उसका साथी चक हिछौरा लाला गांव निवासी कृष्णा कुमार ने युवक पर मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया। डिलीट न करने पर चाकू की नोक पर धमकी दी गई और मारपीट भी की गई।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी की तहरीर पर हीरालाल उर्फ किशन प्रसाद के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
उसे रामपुर बछउर गांव के पास से अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं हल्का दारोगा अरविंद कुमार की तहरीर पर चक हिछौरा लाला गांव निवासी कृष्णा कुमार को चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। रविवार को न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद तमंचा के साथ पकड़े गए युवक को जेल भेज दिया गया, जबकि चाकू के साथ गिरफ्तार युवक को कोतवाली से ही छोड़ दिया गया।