ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की मौत
देवरिया। बाइक स्टंट कर रहे युवक को बचाने के चक्कर में बकरीद की दावत में जा रहे दो युवक सोमवार को सोन्हुला रामनगर चौराहे के पास ट्रक की चपेट आ गए। बिना हेलमेट पहने दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी के डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना से घर में कोहराम मच गया।
तरकुलवा थानाक्षेत्र के मुंडेरा बाबू गांव के आरिफ (18) और सूरज रावत (21) सोमवार को एक ही बाइक पर सवार होकर बकरीद की दावत में तरकुलवा की तरफ जा रहे थे। उनके आगे एक बाइक चालक स्टंट कर रहा था। देवरिया-कसया राजमार्ग पर सोन्हुला रामनगर चौराहे के पास आगे की बाइक के सामने एक ट्रक आ गया। ट्रक चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक की बॉडी से उसे ठोकर लग गई और वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और पीछे की बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। बाइक पर सवार सूरज और आरिफ की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि घायल युवक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। घायल कुशीनगर जनपद के रामकोला क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी होने पर परिजन दहाड़ मारने लगे। एसओ टीजे सिंह ने बताया कि दो युवकों की मौत हो गई है। उनमें कोई हेलमेट नहीं पहने था। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
बाइक की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। देवरिया-कसया मार्ग पर पेट्रोलपंप के पास रविवार की रात बाइक की चपेट में आने से एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
कोतवाली थाना क्षेत्र के रघवापुर निवासी कन्हैया प्रसाद (55) पेंटर थे। वह खाना खाने के बाद रात में सड़क पर टहल रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गए। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक बाइक लेकर फरार हो गया। किसी ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने आसपास के लोगों की सहायता से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के तीन पुत्र और दो पुत्री हैं। पत्नी शामदेई का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।